राजकरण

प्रधानमंत्री मोदी कल करेंगे नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रथम चरण का उद्घाटन

PM मोदी कल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे।

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को उत्तर प्रदेश के दौरा पर रहेंगे। सुबह लगभग 11:30 बजे वे गौतम बुद्ध नगर स्थित जेवर के नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री दोपहर लगभग 12 बजे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रथम चरण का उद्घाटन करेंगे और इस अवसर पर एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन भारत के वैश्विक विमानन केंद्र बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लिए एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीयप्रवेश द्वार के रूप में परिकल्पित यह हवाई अड्डादेश के हवाई अड्डे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संपर्क को बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को दिल्ली एनसीआर क्षेत्र के लिए दूसरे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में विकसित किया गया है जो इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का पूरक है।

ये दोनों हवाई अड्डेमिलकर एक एकीकृत विमानन प्रणाली के रूप में कार्य करेंगे, जिससे भीड़ कम होगी, यात्री क्षमता बढ़ेगी और दिल्ली एनसीआर वैश्विक विमानन केंद्रों में अग्रणी स्थान प्राप्त करेगा। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भारत की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजनाओं में से एक है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत लगभग 11,200 करोड़ रुपए के कुल निवेश से विकसित किया गया है। प्रारंभिक चरण में हवाई अड्डे की यात्री संचालन क्षमता 12 मिलियन यात्री प्रति वर्ष (एमपीपीए) होगी, जिसे पूर्ण विकास के बाद 70 एमपीपीए तक बढ़ाया जा सकेगा। इसमें 3,900 मीटर लंबा रनवे है जो बड़े आकार के विमानों को संभालने में सक्षम है, साथ ही आधुनिक नेविगेशन सिस्टम, जिसमें इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) और उन्नत एयरफील्ड लाइटिंग शामिल हैं, जो हर मौसम में 24 घंटे संचालन में सहायक हैं। इस हवाई अड्डे में एक मजबूत कार्गो इकोसिस्टम भी शामिल है, जिसमें एक मल्टी-मोडल कार्गो हब, इंटीग्रेटेड कार्गो टर्मिनल और लॉजिस्टिक्स जोन शामिल हैं। कार्गो सुविधा को प्रति वर्ष 2.5 लाख मीट्रिक टन से अधिक कार्गो संभालने के लिए डिजाइन किया गया है, जिसे लगभग 18 लाख मीट्रिक टन तक बढ़ाया जा सकता है।