बेगमपुल से निकाली जनजागरण रैली, चलाया हस्ताक्षर अभियान
मेरठ (एनएफटी रिपोर्टर)। अन्तर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस पर गुरूवार को कार्यालय उप श्रमायुक्त, मेरठ क्षेत्र में बाल श्रम उन्मूलन विषय पर जागरूकता एवं विचार गोष्ठी का आयोजन श्रम विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कैलाश सत्यार्थी मिशन, चाईल्ड लाईन, सारथी सोशल वेलफेयर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। गोष्ठी में बाल श्रम उन्मूलन हेतु कार्य करने वाली स्वयं सेवी संस्थाओं, श्रम विभाग के अधिकारियों, श्रमिक संगठन के पदाधिकारी, विद्वान अधिवक्ताओं, औद्योगिक प्रतिष्ठान के सेवायोजकों ने प्रतिभाग किया तथा जनपद में बाल श्रम के प्रतिषेध एवं उन्मूलन हेतु अपने-अपने विचार रखे। गोष्ठी में श्रम विभाग के अधिकारी अवधेश कुमार वर्मा सहायक श्रमायुक्त मेरठ एवं श्रम प्रवर्तन अधिकारी मेरठ, स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर अनीता राणा प्रेसीडेन्ट जनहित फाण्डेशन, अजय कुमार समन्वयक, चाईल्ड हेल्प लाईन, कल्पना पाण्डेय, सारथी सोशल वैल्फेयर, वरिष्ठ अधिवक्ता नरेश कुमार वर्मा, तेजेन्द्र कुमार, नवीन कुमार, कामरेड रणजीत वर्मा आदि ने बाल श्रम के उन्मूलन के विषय में जनपद की वर्तमान परिस्थितियों एवं श्रम विभाग द्वारा की जा रही कार्यवाही पर विचार रखे।
अवधेश कुमार वर्मा, सहायक श्रमायुक्त, मेरठ ने वर्ष 2024-25 में श्रम विभाग द्वारा की गई कार्यवाही के विषय में अवगत कराया कि वर्ष 2024-25 में जनपद मेरठ में कुल 350 प्रतिष्ठानों का निरीक्षकों द्वारा निरीक्षण किया गया, जिसमें कुल 438 बाल एवं किशोर श्रमिकों को चिन्हित किया गया। साथ ही बाल श्रम कराने वाले नियोक्ताओं से धनराशि रू. 1,20,000/- की वसूली प्रतिकर के रूप में वसूली की गई साथ ही 369 के विरूद्ध मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी मेरठ के समक्ष अभियोजन भी दायर किये गये। श्री वर्मा द्वारा यह भी बताया गया कि श्रम विभाग जनपद में बाल श्रम उन्मूलन हेतु निरन्तर प्रयास कर रहा है. तथा वर्तमान में जिलाधिकारी मेरठ द्वारा 4 निरीक्षकों की 4 टीमों का गठन करते हुए 12 जून 2025 से 26 जून 2025 की अवधि में जनपद में बाल श्रमिकों के चिन्हांकन, अवमुक्ति एवं पुनर्वासन हेतु अभियान संचालित किया गया है। उक्त अभियान के दौरान बाल श्रम से पीडित बाल श्रमिकों अवमुक्त कराया जायेगा साथ ही दोषी नियोक्ताओं के विरूद्ध अधिनियम के अन्तर्गत दण्डात्मक कार्यवाही भी की जायेगी। कार्यशाला/गोष्ठी में सभी उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों, जनसामान्य, अधिकारियों, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों, स्वयं सेवी संस्थाओं के सदस्यों/पदाधिकारियों द्वारा एक स्वर में जनपद मेरठ में बाल श्रम समाप्त किये जाने का संकल्प लिया गया। साथ ही गोष्ठी के उपरान्त बेगमपुल क्षेत्र में जनजागरण रैली निकाली गई तथा हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।