वारदात

टेकऑफ के समय पूरा भरा होता है ईंधन, इसीलिए क्रैश होते ही आग का गोला बना विमान

अहमदाबाद के मेघाणी इलाके में गुरुवार को भीषण विमान हादसा हुआ। एयर इंडिया के विमान में 242 यात्री सवार थे।

नई दिल्ली (एजेंसी)। अहमदाबाद के मेघाणी इलाके में गुरुवार को भीषण विमान हादसा हुआ। एयर इंडिया के विमान में 242 यात्री सवार थे। यह विमान अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहा था। विमान एयरपोर्ट से टकऑे फ करते ही हादसे का शिकार हुआ। विमान रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जिसके तुरंत बाद विमान से आग का गुबार और काला धुआं निकलता दिखा। आपदा प्रतिक्रिया टीमें और राहत दल बचाव कार्य में लगे हैं। हादसे के बाद एअर इंडिया ने हॉटलाइन नंबर जारी किया है। यह एयर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान था, जिसे लंदन जाना था। इस विमान की अधिकतम ईंधन क्षमता 1,00,000 किलोग्राम से ज्यादा है। टेकऑफ (उड़ान भरने) के समय किसी भी विमान में ईंधन पूरी तरह भरा होता है। ऐसे में संभावना है कि इस विमान ने भी लंबी दूरी की जरूरत के अनुसार ईंधन भरा होगा। इसीलिए जब यह विमान टेकऑफ करते ही दुर्घटनाग्रस्त हुआ, तो भीषण आग का एक गोला और धुआं निकला। दुर्घटनाग्रस्त विमान 11 साल पुराना था। यह एक वाइड-बॉडी, मिड-साइज और लॉन्ज रेंज विमान है, जो 210-250 सीटों की क्षमता के साथ 8,500 समुद्री मील (9,800 मील) तक की दूरी तय कर सकता है। इसे 20 फीसदी कम फ्यूल कंजम्प्शन के साथ डिजाइन किया गया है, जो पर्यावरण के अनुकूल भी माना जाता है।