मेरठ (एनएफटी संवाददाता)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि छत्रपति शिवाजी की प्रेरणा से देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिवाजी ने धर्म-संस्कृति को बचाने और उसे सुरक्षित रखने का काम किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी शिवाजी की प्रेरणा के साथ देश को आगे बढ़ा रहे हैं। जरुरत है कि गुलामी की मानसिकता को बदलने की और शिवाजी को स्मरण करने की। सोमवार को विश्वविद्यालय स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में छत्रपति शिवाजी स्मारक समिति की ओर से हिन्दू साम्राज्य दिवस समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. सुधांशु त्रिवेदी रहे। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज ऐसे रणनीतिकार थे, जिन्होंने युद्ध कौशल, रण कौशल से आतताई, आक्रमणकारी औरंगजेब को बांधकर रख दिया था।
यही कारण रहा कि औरंगजेब दक्षिण भारत नहीं जा सका। इतिहास में इन बातों को स्थान नहीं दिया गया। शिवाजी भारत के प्रेरणास्रोत हैं। अकबर, बाबर, औरंगजेब के नाम पर तो सड़क बना दी गई, लेकिन शिवाजी महाराज के नाम पर कुछ नहीं। इस सोच और इतिहास को बदलना होगा। बिना नाम लिए कांग्रेस पर हमला बोला और कहा कि लोग कहते हैं कि 15 अगस्त 1947 को देश को अजादी मिल गई थी तो फिर 30 जून 1948 तक अंग्रेज गर्वनर जनरल क्यों रखा गया। शिवाजी ने मुगलों को मरोड़ कर रख दिया था। शिवाजी की तरह ही मोदी ने दुश्मनों का नाश किया। संचालन छत्रपति शिवाजी स्मारक समिति के महामंत्री करुणेशनंदन गर्ग ने किया। मुख्य अतिथि का स्वागत अध्यक्ष डॉ. सतीश चंद्र शर्मा, अरुण जिंदल, अश्विनी गुप्ता, भाजपा के महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने किया। चौपाई और दोहे से दिए उदाहरण छत्रपति शिवाजी को लेकर डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने करीब एक घंटे के संबोधन में कई बार चौपाई और दोहे से उदाहरण दिया, साथ ही बीच-बीच में सरकार के 11 साल की उपलब्धियों, राम मंदिर निर्माण, आतंकियों का सफाया, सर्जिकल स्ट्राइक, ऑपरेशन सिन्दूर और पाकिस्तान की बदहाली की चर्चा की। ‘जिन मोही मारा, तिन मोही मारे चौपाई से उन्होंने कई बार उदाहरण दिया। कहा कि अब भारत की ओर आंख दिखाने वालों को करारा जवाब मिलेगा। यह बदलाव का समय है। 26/11 का समय नहीं है। भारत किसी को छेड़ेगा नहीं, कोई छेड़ेगा तो छोड़ेगा नहीं, साथ ही याद दिलाया कि बंटेंगे तो कटेंगे, एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे। 1857 की क्रांति का भी उन्होंने उल्लेख किया। हिन्दू समाज के तीन लोगों का हुआ सम्मान हिन्दू समाज की सेवा करने वाली तीन महान विभूतियों वासुदेव शर्मा, कृष्णकांता तोमर और अमोलक राम सबलोक का विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम में चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला, मेयर हरिकांत अहलूवालिया, एमएलसी धर्मेन्द्र भारद्वाज, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, पूर्व सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, पूर्व विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, पूर्व कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष बीना वाधवा, पूर्व प्रत्याशी कमलदत्त शर्मा, मेरठ फुटबॉल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष ठाकुर गौरव सिंह, अरविंद गुप्ता मारवाड़ी, गणेश अग्रवाल, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा और महानगर भाजपा मीडिया प्रभारी अमित शर्मा आदि मौजूद रहे। डॉ. अंजू वारियर, डॉली गुप्ता, संगीता पंडित, नूपुर जौहरी आदि ने मंचासीन अतिथियों का भगवा तिलक लगाकर स्वागत किया।