मेरठ (एनएफटी रिपोर्टर)। मेरठ पहुंचे यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कांग्रेस, सपा और बसपा पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कांग्रेस मुक्त भारत और बसपा, सपा मुक्त यूपी बनाने का जनता ने संकल्प ले लिया है। 2047 तक कांग्रेस, सपा और बसपा के लिए देश प्रदेश की राजनीति के दरवाजे बंद हो जाएंगे। गैर कानूनी काम जो करेगा कार्यवाही होगी। यूपी और देश में गैरकानूनी काम करने वाले यह काम छोड़ दें। क्योंकि ये रास्ता जेल जाने और कठोर कार्यवाही का रास्ता हो सकता है। कांवड़ यात्रा को लेकर उन्होंने कहा मुलायम सिंह यादव ने रामभक्तों पर गोली चलवाई, जबकि अखिलेश सीएम थे तो उन्होंने कांवड़ियों पर लाठियां चलवा दी, लेकिन हमारी सरकार में राम भक्तों और शिवभक्तों पर फूल बरसाए जाते हैं। उन्होंने कहा अखिलेश यादव का यही संस्कार सपा को ले डूबेगा। सन 2027 में और सन 2029 में भाजपा जीत दोहराएगी।
जनता को ना गुंडागर्दी, ना माफियागिरी और ना ही तुष्टिकरण का घिनौना खेल चाहिए।जनता को सिर्फ विकास चाहिए। इसलिए प्रदेश की जनता सपा को सफा कर देगी। मंत्री नंद गोपाल नंदी द्वारा अफसरों के खिलाफ सीएम को चिट्ठी लिखने पर डिप्टी सीएम बोले कोई मंत्री हो, विधायक हों या फिर कार्यकर्ता, अगर वो सीएम से किसी भी विषय को लेकर कोई शिकायत करते हैं तो दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही करेंगे। उन्होंने कहा श्रद्धा को खंडित करने का काम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो कोई भी नाम कुछ, जाति कुछ और धर्म कुछ और बताएगा तो पुलिस प्रशासन उसके खिलाफ कार्यवाही करेगा। जयंत चौधरी के बयान पर उन्होंने कहा जयंत चौधरी हमारे गठबंधन के साथी हैं। उन्होंने कुछ गलत नहीं कहा। लोगों की धार्मिक भावना खंडित ना हो, यह सरकार की पहली मंशा है। इसलिए अपने प्रतिष्ठानों पर नेमप्लेट गलत ना लगाए। उन्होंने कहा 37 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया है। आठ साल में 210 करोड़ पेड़ यूपी में लगाए जा चुके हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी ने इस अभियान की शुरुआत की। 140 करोड़ की आबादी को अनुकूल पर्यावरण मिले, इसलिए हम अधिक से अधिक संख्या में पेड़ लगाकर विश्व गुरु बनने जा रहें हैं। इस दौरान उन्होंने सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्विद्यालय में जनप्रतिनिधियों के साथ वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर सांसद अरूण गोविल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, एमएलसी धमेंद्र भारद्वाज, एमएलसी अश्विनी त्यागी, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तौगी, पूर्व सिवालखास विधानसभा प्रत्याशी मनिन्दर पाल सिंह, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री सुनील भराला, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा, गणेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।