वारदात

जिलाधिकारी ने जवाहर नवोदय विद्यालय सरफाबाद का किया निरीक्षण

जिलाधिकारी ने Jawahar Navodaya Vidyalaya Sarfabad का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन और स्वच्छता की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी अस्मिता लाल द्वारा सरफाबाद स्थित जनपद के जवाहर नवोदय विद्यालय का दौरा किया गया। इस अवसर पर उनके साथ डिप्टी कलेक्टर मनीष यादव, ज्योति शर्मा एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षिक अधिगम प्रक्रिया, छात्रावास व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता तथा उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय के भोजनालय में सभी विद्यार्थियों के साथ बैठकर दोपहर का भोजन किया और छात्रों से संवाद कर उनकी दिनचर्या एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने छात्रावास का निरीक्षण किया तथा साफसफाई, अनुशासन एवं सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। तत्पश्चात वे विद्यालय के एकेडमिक ब्लॉक में पहुँचीं, जहाँ उन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं से आगामी परीक्षाओं के संदर्भ में संवाद किया और उन्हें आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने नृत्य एवं संगीत से जुड़े आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की। जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा जीवन में सफलता के लिए अनुशासन, निरंतर अध्ययन और सकारात्मक सोच को आवश्यक बताया। विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर में उन्होंने कैरियर से संबंधित कई रचनात्मक एवं उपयोगी सुझाव भी दिए। उन्होंने विद्यालय प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन के उच्च स्तर को बनाए रखने एवं शैक्षणिक प्रगति को और बेहतर करने के लिए उत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ सामूहिक फोटो खिंचवाई। विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए यह अवसर अत्यंत प्रेरणादायक, अविस्मरणीय एवं यादगार बन गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य दुष्यंत सिंह सहित आदि उपस्थित रहे ।