वारदात

नोएडा में फैक्ट्रियों के खुलते ही फिर श्रमिकों का हंगामा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मजदूरों के विरोध के बीच प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई

नोएडा में एक बार फिर औद्योगिक गतिविधियों के शुरू होते ही श्रमिकों का आक्रोश सामने आया है। फैक्ट्रियों के खुलने के साथ ही जिले में तनावपूर्णस्थिति देखने को मिल रही है। ताजा मामला सेक्टर-63 का है, जहां एक कंपनी के बाहर श्रमिकों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन पहले से ही संभावित विरोध और अशांति को लेकर सतर्क था। इसी के मद्देनजर पूरे गौतमबुद्धनगर जिले को 36 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, ताकि हर क्षेत्र पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जिले में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिसके तहत 12 अलग-अलग जिलों से फोर्स बुलाया गया है। जानकारी के अनुसार, जिले के 12 थानों के अंतर्गत औद्योगिक इकाइयों की संख्या अधिक है। इन्हीं संवेदनशील क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए हर पुलिस चौकी पर लगभग 50 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, हालिया घटनाओं को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। अब तक 7 नए मुकदमे दर्जकिए जा चुके हैं।