देश की शान

बिना रुकावट तेल सप्लाई करेंगे : पुतिन

संयुक्त प्रेसवार्ता में पीएम मोदी बोले- भारत-रूस की दोस्ती ध्रुव तारे कीतरह अटल, रूसी पर्यटकों को 30 दिन का फ्री वीजा देंगे

दिल्ली के हैदराबाद हाउस में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पुतिन ने कहा कि रूस भारत को बिना रुकावट तेल की सप्लाई जारी रखेगा। भारत दौरे पर आए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 23 घंटे में तीन बार मुलाकात की है। दोनों नेताओं ने साथ में प्राइवेट डिनर, द्विपक्षीय बातचीत, जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस और इंडिया-रूस बिजनेस फोरम की बैठक को संबोधित किया।

हालांकि इस दौरान दोनों देशों के बीच किसी बड़े रक्षा सौदे का ऐलान नहीं किया गया। इससे पहले कई रिपोर्ट्स में भारत-रूस के बीच लड़ाकू विमान या बड़े डिफेंस डील की संभावना जताई गई थी। लेकिन इस बैठक में 19 अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए, जिनका उद्देश्य भारत और रूस के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूत बनाना है।

इन समझौतों में शिप बिल्डिंग, भारतीय नाविकों को बर्फीले (पोलर) समुद्री इलाकों में जहाज चलाने की ट्रेनिंग, नई शिपिंग लेन पर निवेश, सिविल न्यूक्लियर ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिजों (क्रिटिकल मिनरल्स) पर सहयोग शामिल है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि रूस भारत का सबसे करीबी सहयोगी रहा है। उन्होंने भारत-रूस की दोस्ती को "ध्रुव तारे की तरह स्थिर और अटल" बताया। वहीं, पुतिन ने कहा कि उनकी टीम केवल तेल और गैस के सौदे के लिए नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में भारत के साथ रिश्ते और व्यापार बढ़ाने आई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत-रूस की मित्रता समय की कसौटी पर हमेशा खरी उतरी है। आज हमने इस नींव को और मजबूत करने के लिए सहयोग के सभी पहलुओं पर चर्चा की है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने 2030 तक के लिए एक आर्थिक सहयोग कार्यक्रम पर सहमति बनाई है, जिससे व्यापार और निवेश संतुलित और टिकाऊ रूप से बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि यह साझेदारी खाद्य सुरक्षा और किसान कल्याण के लिए भी महत्वपूर्ण है। भारत और रूस यूरिया उत्पादन में सहयोग कर रहे हैं। साथ ही दोनों देशों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाना प्राथमिकता है। ऊर्जा सुरक्षा भारत-रूस साझेदारी का मजबूत पहलू है और दोनों देश स्वच्छ ऊर्जा और हाईटेक विनिर्माण के क्षेत्र में भी एक-दूसरे के साथ काम करेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और रूस के बीच स्नेह और आत्म-सम्मान का भाव हमेशा रहा है। हाल ही में रूस में भारत के दो नए वाणिज्य दूतावास खोले गए हैं, जिससे नागरिकों के बीच संपर्क और सहयोग बढ़ेगा। मोदी ने घोषणा की कि भारत जल्द ही रूसी नागरिकों के लिए नि:शुल्क 30 दिन का ई-टूरिस्ट वीजा और ग्रुप टूरिस्ट वीजा शुरू करेगा।

इसके अलावा दोनों देश वोकेशनल एजुकेशन, स्किलिंग और ट्रेनिंग के क्षेत्र में भी मिलकर काम करेंगे। दोनों देशों के स्कॉलर्स और खिलाड़ियों का आदान-प्रदान भी बढ़ाया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत ने हमेशा शांति का समर्थन किया है और यूक्रेन के मुद्दे पर भी शांतिपूर्ण समाधान का पक्ष लिया है। भारत और रूस आतंकवाद के खिलाफ हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारत और रूस संयुक्त राष्ट्र, जी-20, ब्रिक्स, एससीओ जैसे मंचों पर करीबी सहयोग बनाए रखेंगे। दोनों देशों की यह मित्रता आने वाले समय में वैश्विक चुनौतियों का सामना करने की शक्ति देगी और साझा भविष्य को और समृद्ध करेगी।