प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के हरदोई में
36,230 करोड़ रुपए की लागत से बने
594 किलोमीटर लंबे एक्सेस-कंट्रोल्ड
ग्रीनफील्ड गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन
किया। यह एक्सप्रेसवे 12 जिलों, मेरठ,
बुलंदशहर, हापुड़, अमरोहा, संभल,
बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव,
रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज
से होकर गुजरता है। इस तरह यह उत्तर
प्रदेश के पश्चिमी, मध्य और पूर्वी क्षेत्रों
को एक ही निर्बाध हाई-स्पीड कॉरिडोर
के माध्यम से जोड़ता है। बयान में कहा
गया है कि इस परियोजना से मेरठ और
प्रयागराज के बीच यात्रा के समय में काफी
कमी आने की उम्मीद है।
वर्तमान में लगने
वाले 10-12 घंटों के बजाय अब यात्रा में
लगभग 6 घंटे लगेंगे, जिससे आवागमन
में आसानी होगी और परिवहन की दक्षता
बढ़ेगी।
इस मौके पर उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश
के विकास की नई ‘जीवनरेखा’ बताया
और कहा कि यह परियोजना राज्य की
तरक्की को नई गति देगी।
प्रधानमंत्री मोदी
ने कहा कि उन्हें खुशी है कि उत्तर प्रदेश
सरकार ने इस एक्सप्रेसवे का नाम मां गंगा
के नाम पर रखा है। उन्होंने कहा, “जैसे
मां गंगा हजारों वर्षों से यूपी और पूरे देश
की जीवनरेखा रही हैं, वैसे ही आधुनिक
विकास के इस दौर में उनके किनारे से
गुजरता यह एक्सप्रेसवे यूपी के विकास
की नई लाइफलाइन बनेगा। इसमें हमारे
विकास के विजन के साथ-साथ हमारी
समृद्ध विरासत की झलक भी मिलती
है।” उन्होंने राज्य के करोड़ों लोगों को इस
उपलब्धि के लिए बधाई दी। प्रधानमंत्री
मोदी ने इसे एक ‘अद्भुत संयोग’ भी बताया
कि पिछले कुछ दिनों से वह लगातार मां
गंगा के सान्निध्य में रहे हैं।
उन्होंने कहा
कि हाल ही में वह पश्चिम बंगाल में चुनाव
प्रचार के लिए गए थे और मंगलवार को
वाराणसी में भी थे।
पीएम मोदी ने कहा कि अब मुझे मां
गंगा के नाम पर बने इस एक्सप्रेसवे को
राष्ट्र को समर्पित करने का अवसर मिला
है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देश में
तेजी से बन रहे आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का
भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कुछ दिन
पहले ही उन्हें दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे
के उद्घाटन का अवसर मिला था।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि तब मैंने
कहा था कि ये नए एक्सप्रेसवे विकसित
होते भारत की हस्तरेखाएं हैं।
ये आधुनिक
हस्तरेखाएं आज भारत के उज्ज्वल
भविष्य का जयघोष कर रही हैं।
इस अवसर पर उन्होंने समाजवादी
पार्टी पर जमकर निशाना साधा। मोदी
ने कहा कि यूपी को सपा और उसके
सहयोगियों से सावधान रहना है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सपा कभी
भी परिवारवाद और जातिवाद से ऊपर
नहीं उठ सकती। ये लोग हमेशा विकास
विरोधी राजनीति करेंगे। यूपी को सपा
और उसके सहयोगियों से सावधान रहना
है।
उन्होंने कहा कि सपा विकास विरोधी
भी है और नारी विरोधी भी है। बीते दिनों
एक बार फिर देश ने कांग्रेस और सपा का
नारी विरोधी चेहरा देखा है। उन्होंने कहा
कि केंद्र की एनडीए सरकार नारी शक्ति
वंदन संशोधन लेकर आई थी, अगर
यह संशोधन पास हो जाता तो 2029 के
चुनाव से ही महिलाओं को लोकसभा
और विधानसभा में आरक्षण मिलता।
बड़ी संख्या में महिलाएं चुनकर लखनऊ
और दिल्लीपहुंचतीं, वो भी किसी अन्य
वर्ग की सीटें कम हुए बिना।
लेकिन सपा
ने इस संशोधन के खिलाफ वोट किया।
पीएम ने कहा कि पहले यूपी को
पिछड़ा और बीमारू प्रदेश कहा जाता
था, वही उत्तर प्रदेश आज एक ट्रिलियन
इकोनॉमी बनने की ओर आगे बढ़ रहा है।
यूपी के पास असीम क्षमता है, देश की
इतनी बड़ी युवा आबादी का पोटेंशियल
यूपी के पास है, इस ताकत का इस्तेमाल
हम यूपी को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के
लिए कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि
आप लोग देख रहे हैं कि आज पूरी दुनिया
कैसे युद्ध, अशांति और अस्थिरता में
फंसी हुई है। दुनिया के बड़े-बड़े देशों की
हालत खराब है ।