वारदात

स्विस एयर की IGI पर इमरजेंसी लैंडिंग

अफरा-तफरी में चार यात्री घायल हो गए

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (IGI) एयरपोर्ट पर रविवार तड़के एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया।

ज्यूरिख जा रहे स्विस एयर के विमान के लेफ्ट लैंडिंग गियर से धुआं निकलता देख पायलट ने टेक-ऑफ को बीच में ही रोक दिया। इसके बाद हवाई अड्डे पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई।

विमान में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के दौरान हुई अफरा-तफरी में चार लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, विमान रनवे पर उड़ान भरने ही वाला था कि अचानक उसके बाएं लैंडिंग गियर से घना धुआं उठता दिखाई दिया।

चालक दल ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए टेक-ऑफ रद्द कर दिया। विमान के सभी सात आपातकालीन द्वार (एग्जिट गेट) खोल दिए गए और यात्रियों को स्लाइड के जरिए बाहर निकाला गया।

मौके पर तुरंत TFT फायर टेंडर्स को भेजा गया ताकि किसी भी संभावित आग पर काबू पाया जा सके।

विमान में सवार कुल 232 लोगों में से 227 को सुरक्षित निकालकर दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) के विशेष रिसेप्शन सेंटर में शिफ्ट किया गया।

निकासी के दौरान चार यात्री घायल हो गए। इनमें से तीन गंभीर रूप से घायल यात्रियों को इलाज के लिए मेदांता अस्पताल भेजा गया, जबकि एक का उपचार एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर में ही किया गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डायल ने क्राइसिस मैनेजमेंट सेंटर और मल्टी एजेंसी रिस्पांस टीम को सक्रिय कर दिया था।