देश विदेश

सम्राट कैबिनेट- नीतीश के बेटे समेत 32 मंत्री बने

सम्राट चौधरी कैबिनेट का बड़ा विस्तार, युवा चेहरों को मिला मौका

सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के 22 दिन बाद आज गुरुवार को कैबिनेट का विस्तार किया गया। मेगा इवेंट में निशांत कुमार समेत 32 मंत्री सम्राट कैबिनेट में शामिल हुए। नई कैबिनेट में बीजेपी से 15, जेडीयू से 13, LJP(R) से 2, HAM और RLM से एक-एक मंत्री हैं। 25 मिनट चले इस कार्यक्रम में एक साथ 5-5 विधायकों ने शपथ ली। पहली बार में निशांत कुमार, श्रवण कुमार, विजय सिन्हा, लेसी सिंह और दिलीप जायसवाल ने शपथ ली। निशांत कुमार पहली बार मंत्री बने हैं।

गुरुवार को 32 लोगों ने शपथ ली है। इसके साथ ही सम्राट कैबिनेट में कुल 34 मंत्री हो चुके हैं। जेडीयू कोटे से 2 डिप्टी मुख्यमंत्री पहले ही मुख्यमंत्री के साथ शपथ ले चुके हैं। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार को अपने पास बुलाया। मंच पर उनसे हाथ मिलाया, इस दौरान नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री का कंधा पकड़कर हिला दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत में सीधे राष्ट्रगान बजाया गया, जबकि प्रोटोकॉल के हिसाब से पहले राष्ट्रगीत वंदे मातरम् बजाया जाना था। दो बार बिहार के स्वास्थ्य मंत्री रहे मंगल पांडेय को इस बार कैबिनेट में जगह नहीं मिली है। खबर है कि पार्टी में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी।सम्राट कैबिनेट में बीजेपी कोटे से 15 मंत्रियों ने शपथ ली है। इनमें 5 नए चेहरे हैं, वहीं तीन पुराने नेताओं को इस बार मौका नहीं मिला। इनमें बीजेपी के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय, बेगूसराय के बछवाड़ा से विधायक सुरेंद्र मेहता और पश्चिम चंपारण से नारायण प्रसाद का नाम शामिल है।

मंत्री पद नहीं मिलने के बाद मंगल पांडेय को भाजपा संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। पूर्व मंत्री नितिन नवीन की टीम में भी उन्हें शामिल किए जाने की चर्चा है। खबर है कि मंगल पांडेय को भाजपा का राष्ट्रीय महासचिव बनाया जा सकता है। साथ ही उन्हें उत्तर प्रदेश चुनाव का प्रभारी भी बनाया जा सकता है।

मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि पिताजी ने 20 सालों में जो काम किया है, उसे आगे जारी रखूंगा। उन्होंने समृद्धि यात्रा के दौरान जो वादे किए हैं, उन सभी वादों को पूरा करूंगा। मंत्री पद की शपथ लेने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार हनुमान मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, “आज से बिहार में नए युग की शुरुआत हो रही है। अगले 5 साल बिहार के लिए स्वर्णिम होने वाले हैं। प्रधानमंत्री मोदी की सोच, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अनुभव और सम्राट चौधरी के युवा जोश वाली सरकार का एक अच्छा मंत्रिमंडल विस्तार हुआ है। युवाओं, खासकर निशांत कुमार को मौका मिला है। मैं हमेशा इस बात का पक्षधर रहा हूं कि युवाओं को राजनीति में आना चाहिए और जाति-धर्म से ऊपर उठकर विकास होना चाहिए।”