राजकरण

इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप प्रकरण : पीड़ित के साथ एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप मामले में पीड़ित ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

 बिनोली अड्डा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में कथित धांधली के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस संबंध में पीड़ित शाहआलम के साथ मिलकर वरिष्ठ समाजसेवी शाहवेज़ अंसारी एवं एडवोकेट मुहम्मद साकिब ने उपजिलाधिकारी सरधना को प्रार्थना पत्र सौंपकर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। ज्ञापन में बताया गया कि 10 फरवरी को दोपहर लगभग 2:11 बजे शाहआलम निवासी सरधना ने उक्त पेट्रोल पंप से 210 रुपये का पेट्रोल डलवाया और फोन-पे के माध्यम से भुगतान किया। आरोप है कि भुगतान के बावजूद बाइक की टंकी में पेट्रोल नहीं मिला।

शिकायत करने पर कर्मचारियों ने पहले इंकार किया, बाद में विवाद बढ़ने और भीड़ एकत्र होने पर कथित रूप से पेट्रोल डाला गया। घटना का वीडियो प्रमाण भी उपलब्ध होने की बात कही गई है। साथ ही पूर्व में भी उक्त पंप के खिलाफ इस प्रकार की शिकायतें सामने आने का उल्लेख ज्ञापन में किया गया। वरिष्ठ समाजसेवी शाहवेज़ अंसारी ने कहा कि उपभोक्ताओं के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एडवोकेट मुहम्मद साकिब ने कहा कि यह मामला प्रथम दृष्टया आपराधिक धाराओं एवं उपभोक्ता संरक्षण कानून के उल्लंघन से जुड़ा प्रतीत होता है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उपजिलाधिकारी सरधना उदितनारायण सेंगर ने ज्ञापन प्राप्त कर प्रकरण को गंभीरता से लेने की बात कही। उन्होंने पीड़ित शाहआलम को भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि किसी प्रकार की अनियमितता या धोखाधड़ी पाई जाती है तो संबंधित पेट्रोल पंप संचालक एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रकरण को लेकर नगर में चर्चाओं का दौर जारी है और आमजन प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।