वारदात

आरसी वसूली में तेजी लाएं अमीन : डीएम

डीएम ने अमीनों को आरसी वसूली में तेजी लाने और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने तहसील कार्यालय मवाना तथा विकासखंड कार्यालय मवाना का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां विभिन्न पटलों, संग्रह अनुभाग, आरसी ऑफिस, तहसीलदार कोर्ट, नायब तहसीलदार कोर्ट, अभिलेखागार कक्ष आदि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न पटल पर कार्यरत कर्मचारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की तथा रजिस्टर व पत्रावली का अवलोकन किया व संबंधित का आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई, जनसुविधा, राजस्व न्यायालय में मामलों का निस्तारण व अन्य प्रशासनिक कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने अपर जिलाधिकारी प्रशासन को नियमित लंबित मुकदमों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने लेखपाल, कानूनगो, तहसीलदार और नायब तहसीलदार को कार्य प्रणाली में सुधार करने तथा अभिलेखों को दुरुस्त कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने अमीनों को आरसी की वसूली करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने वादों का जल्द से जल्दनिस्तारण किया जाए क्योंकि आम जनता को वाद निस्तारण से राहत मिलती है और शासन प्रशासन में विश्वास बढ़ता है। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस में आई शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित करें, नियमित रूप से जनसुनवाई हो जिससे लोगों को राहत मिले। उन्होंने कहा कि निरीक्षण में जो भी निर्देश दिए गए हैं उनका शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर एसडीएम मवाना संतोष कुमार, एसडीएम न्यायिक मृदुला दुबे, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्यप्रकाश सिंह, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, बीडीओ सहित तहसील व ब्लॉक मवाना के अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।