राजकरण

टी-20 विश्व कप : पांच महीने बाद फिर आमने-सामने होंगे भारत-पाक

टी20 विश्व कप का सबसे चर्चित मुकाबला आज कोलंबो में

भारत और पाकिस्तान की टीमें पांच महीने बाद एक बार फिर क्रिकेट के मैदान पर आमने- सामने होंगी। यह टी20 विश्व कप का सबसे चर्चित मुकाबला होगा जिसे देखने के लिए दोनों देशों के क्रिकेट प्रशंसक काफी उत्सुक हैं। पाकिस्तान ने मैच के बहिष्कार के अपने फैसले पर यू-टर्न लेकर प्रेमादासा स्टेडियम पर यह मैच खेलने का फैसला लिया। वैसे तो विश्व कप में भारत का पलड़ा पाकिस्तान पर भारी रहा है, लेकिन टी20 में किसी भी टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता है। टी20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक आठ बार मुकाबले खेले जा चुके हैं। सात बार टीम इंडिया ने मैच जीता है, जबकि एक बार पाकिस्तान की टीम जीत हासिल करने में सफल रही है। वनडे और टी20 दोनों विश्व कप मिलाकर भारतीय टीम सिर्फ एक बार पाकिस्तान से हारी है। यह मैच 2021 टी20 विश्वकप में खेला गया था, जिसे पाकिस्तान ने 10 विकेट से जीता था। दोनों टीमों के क्रिकेटरों ने इसे आम मैच बताकर हाइप कम करने की पूरी कोशिश की। लेकिन दोनों टीमों की क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता और खासकर इस मैच की पृष्ठभूमि को देखते हुए यह तो तय है कि अब कोई इसे हारना नहीं चाहेगा। हारने पर अपने प्रशंसकों की आलोचना सहना दोनों में से किसी टीम को मंजूर नहीं होगा और वह भी तब जब विश्व कप के अहम मुकाबले अभी आने बाकी हैं। इस वैश्विक टूर्नामेंट में जब भी इन दोनों टीमों का मुकाबला हुआ है तो पारा काफी चढ़ा रहता है। इस बार में कुछ ऐसा ही नजारा देखने की उम्मीद है। भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच जब मुकाबला होता है तो मैदान पर तापमान बढ़ जाता है। दोनों टीमों के खिलाड़ी भी अपनी भावनाओं पर नियंत्रण नहीं रख पाते हैं। वैसे तमाम समीकरणों, टीम संयोजन और कौशल से इतर यह मुकाबला जज्बात पर काबू पाने का है और बाहरी तथा भीतरी दबाव झेलने वाली टीम की विजयी रहेगी।