बेबाक बात

झुक गए ट्रंप, ईरान की शर्तों पर समझौता? दो हफ़्ते का सीजफायर

ट्रंप ने मानी ईरान की शर्तें? दो हफ्ते के सीजफायर पर सहमति

अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर का ऐलान हो चुका है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा करते हुए कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच अगले दो हफ्तों तक युद्धविराम रहेगा। उन्होंने शर्त रखते हुए कहा कि इसके लिए ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकेबंदी हटानी होगी और जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करनी होगी।

इस ऐलान के बाद ट्रंप ने ईरान को एक नया संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों के ट्रैफिक को संभालने में ईरान की मदद करेगा। दरअसल, युद्ध की शुरुआत के बाद से ही ईरान ने होर्मुज में नाकेबंदी कर दी थी और जहाजों की आवाजाही पर रोक लगा दी थी। हालांकि, बाद में ईरान ने स्पष्ट किया था कि उसके मित्र देशों के लिए होर्मुज खुला रहेगा, जबकि दुश्मन देशों के लिए यह पूरी तरह बंद रहेगा।

इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को बड़ी राहत भी दी है। उन्होंने कहा कि ईरान अब युद्ध में क्षतिग्रस्त हुए अपने बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण का काम शुरू कर सकता है। इस युद्ध के दौरान इजरायल और अमेरिका की भारी बमबारी से तेहरान और क़ोम जैसे बड़े शहरों में भारी नुकसान हुआ। अमेरिका ने ईरान के एक बड़े पुल को भी निशाना बनाया। इसके अलावा विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, स्कूलों और अस्पतालों पर भी हमले किए गए। ट्रंप के इस ऐलान से ईरान को बड़ी राहत मिलने की संभावना है।

ईरान जल्द से जल्द अपने क्षतिग्रस्त ढांचे का पुनर्निर्माण करना चाहता है। उसने सीजफायर की शर्तों में यह भी प्रस्ताव रखा है कि वह होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों और तेल टैंकरों से टोल वसूलेगा, जिसका उपयोग पुनर्निर्माण कार्यों में किया जाएगा। इससे पहले ईरान की मांग रही थी कि अमेरिका और इजरायल उसे मुआवजा दें ताकि वह पुनर्निर्माण कर सके।

ईरान ने 10 शर्तें रखी हैं—आक्रामकता समाप्त की जाए, होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान का नियंत्रण बना रहे, यूरेनियम संवर्धन को स्वीकार किया जाए, सभी प्रतिबंध हटाए जाएं, द्वितीयक प्रतिबंध भी समाप्त किए जाएं, UNSC के सभी प्रस्ताव रद्द किए जाएं, IAEA बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के प्रस्ताव रद्द हों, ईरान को मुआवजा दिया जाए, क्षेत्र से अमेरिकी सैन्य बलों की वापसी हो और लेबनान सहित सभी मोर्चों पर युद्ध समाप्त किया जाए।

डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर का ऐलान करते हुए कहा कि अमेरिका ईरान पर हमलों को दो सप्ताह के लिए स्थगित करने पर सहमत है। यह एक द्विपक्षीय युद्धविराम होगा। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह खोलने पर सहमत है।

ट्रंप ने कहा, “हमें ईरान की ओर से 10 बिंदुओं का प्रस्ताव मिला है और हमें विश्वास है कि यह बातचीत के लिए एक व्यवहार्य आधार है। अतीत के कई विवादित मुद्दों पर अमेरिका और ईरान के बीच सहमति बन चुकी है।”