राजकरण

भाजपा-एनडीए गठबंधन 4 मई को केरल में सरकार बनाने के लिए तैयार : मोदी

प्रधानमंत्री का बड़ा दावा, केरल की राजनीति में बदलाव के संकेत

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को केरल के तिरुवल्ला में सार्वजनिक सभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत जय केरलम! जय विकासिता केरलम! के उद्घोष से की। उन्होंने कहा कि मैं श्री वल्लभम के देवता तिरुवल्लुवर को नमन करता हूं और सबरीमाला व स्वामी अयप्पा को अपना सम्मान अर्पित करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एनडीए पर आपका भरोसा और केरल की महिलाओं का अपार समर्थन पूरे राज्य में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। मैं पहले भी यहां आ चुका हूं, लेकिन इस बार परिस्थितियां अलग हैं और माहौल बदला हुआ है।

केरल एक ऐतिहासिक परिवर्तन के लिए तैयार है। 9 अप्रैल को मतदान के बाद भाजपा-एनडीए गठबंधन 4 मई को केरल में सरकार बनाने के लिए तैयार है। इस चुनाव में केरल को लाभ होगा लेकिन व्यक्तिगत रूप से मुझे कुछ नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि एनडीए के उम्मीदवार अनूप ने पिछले पांच वर्षों से अटटू समर्पण के साथ मेरे साथ काम किया है। वे एक विश्वसनीय सहयोगी रहे हैं, शांत, ईमानदार और अथक दिनरात काम करने वाले। मुझे लगा कि केरल को इस युवा नेता की सेवा और ऊर्जा की आवश्यकता है। आज मैं अनूप को केरल की जनता की सेवा के लिए आपके हवाले करता हूं। हाल ही में ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ अभियान के दौरान मैंने केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ व्यापक संवाद किया। केरल के 5,000 शक्ति केंद्रों से 1,25,000 से अधिक कार्यकर्ताओं ने जुड़कर अपने विचार साझा किए।

एक बात स्पष्ट थी, केरल ने एलडीएफ सरकार को सत्ता से बेदखल करने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि मेरे पहुंचने पर मैंने देखा कि कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले पूरे रास्ते पर भारी भीड़ जमा थी। वामपंथी मानव श्रृंखला की बात करते हैं लेकिन केरल के लोगों ने एनडीए के प्रति अपना प्रेम मानव दीवार बनाकर दिखाया है। एलडीएफ और यूडीएफ सरकारों ने लंबे समय से इस क्षेत्र की उपेक्षा की है। संपर्क मार्ग जर्जर हालत में हैं। वर्षों से कोई नया पुल नहीं बनाया गया है और मेडिकल कॉलेज की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे की इस कमी से यह स्पष्ट है कि आपके जीवन स्तर पर कितना गंभीर प्रभाव पड़ा है। जब केंद्र में एलडीएफ और यूडीएफ सत्ता में थे, तब केरल को बहुत कम धनराशि मिलती थी। मोदी सरकार के कार्यकाल में उस अवधि की तुलना में राज्य को पांच गुना अधिक धनराशि आवंटित की गई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर में जहां ईसाई आबादी काफी अधिक है, एनडीए ने 7 राज्यों में सरकार बनाई है। हमने दशकों से लंबित कार्यों को पूरा किया है। गोवा में भी, जहां ईसाई समुदाय की अच्छी खासी आबादी है, हम सेवा कार्य जारी रखे हुए हैं और विकास को गति दे रहे हैं। केरल में हम सरकार बनाएंगे, जीवन स्तर में सुधार करेंगे और मछुआरों व स्थानीय समुदायों की चिंताओं का समाधान करेंगे। नॉर्थईस्ट में एक राज्य को छोड़कर भाजपा-एनडीए की सरकार है और वहां पिछले 50-60 साल में जो काम नहीं हुआ, वो हमने करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि गोवा में लगातार भाजपा-एनडीए की सरकार है और गोवा विकास की नई ऊंचाई को छू रहा है। केरलम में भी एनडीए की सरकार बनेगी तो विकास की नई ऊंचाइयों को पाएंगे। स्थानीय किसानों और मछुआरों की हर समस्या का हम समाधान करेंगे।उन्होंने कहा कि सबरीमाला रेलवे परियोजना से पूरे क्षेत्र में नए अवसर खुलेंगे और सबरीमाला तीर्थयात्रियों से सीधा संपर्क स्थापित होगा।