राजकरण

तमिलनाडु में TVK ने सरकार बनाने का दावा किया

विजय ने बहुमत साबित करने के लिए राज्यपाल से समय मांगा

तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ के सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के बाद पार्टी अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय ने मंगलवार को राज्य में सरकार बनाने का दावा औपचारिक रूप से पेश किया। उन्होंने राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर को पत्र लिखकर उनसे मिलने का समय मांगा है और विधानसभा में अपना बहुमत साबित करने का मौका देने का अनुरोध किया है।

लोक भवन (पहले राज भवन) को भेजे गए अपने संदेश में विजय ने कहा कि 234 सदस्यों वाली विधानसभा में 108 सीटें जीतने वाली पार्टी को सबसे बड़े दल के रूप में स्पष्ट जनादेश मिला है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस स्थिति के आधार पर तमिलगा वेट्री कझगम को राज्य में अगली सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किए जाने का अधिकार है।

विजय ने अपने संदेश में कहा, “हम 108 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी हैं और सरकार बनाने का अधिकार रखते हैं। हम अपना बहुमत साबित करने का अवसर दिए जाने का अनुरोध करते हैं।” उन्होंने समर्थन जुटाने के लिए अतिरिक्त समय भी मांगा और कहा किवे 15 दिनों के भीतर अपना बहुमत साबित कर सकते हैं।

तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 118 है, जिससे तमिलगा वेट्री कझगम स्पष्ट बहुमत से 10 सीटें पीछे रह गई है। इससे राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में पार्टी छोटे दलों और निर्दलीय विधायकों से समर्थन मांग सकती है।