देश विदेश

‘250 साल पुराना देश, 6 हजार वर्ष पुरानी सभ्यता’: ईरानी जनरल ने अमेरिका की ‘पाणाष युग’ वाली धमकी का दिया करारा जवाब

ईरान ने इतिहास और सभ्यता का हवाला देकर अमेरिका की चेतावनी पर कड़ा पलटवार किया, बढ़ते तनाव के बीच तीखी बयानबाज़ी तेज

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को ‘पाषाण युग’ में धकेल देने की धमकी का जवाब देते हुए एक ईरानी सैन्य कमांडर ने कहा कि अमेरिका अपने ही सैनिकों को उनकी कब्रों की ओर ले जा रहा है। उन्होंने कहा कि 250 साल का इतिहास रखने वाले किसी देश का 6,000 साल पुरानी सभ्यता को धमकी देना सिर्फ एक भ्रम है।ब्रिगेडियर जनरल सैयद माजिद मूसावी ईरान की IRGC (इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स) की एयरोस्पेस फोर्स की कमान संभालते हैं।

उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ की एक पोस्ट के जवाब में कहा,“यह आप ही हैं जो अपने सैनिकों को उनकी कब्रों की ओर ले जा रहे हैं, न कि ईरान, जिसे आप पाषाण युग में वापस खींचना चाहते हैं। हॉलीवुड के भ्रमों ने आपके दिमाग में इतना जहर भर दिया है कि अपने महज 250 साल के इतिहास के साथ, आप 6,000 साल से भी ज्यादा पुरानी सभ्यता को धमकी दे रहे हैं।”इससे पहले, पीट हेगसेथ ने एक पोस्ट में कहा था कि ‘पाषाण युग में वापस’। उनकी यह पोस्ट अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस धमकी के बाद आई थी, जिसमें उन्होंने ईरान को पाषाण युग में वापस धकेलने की बात कही थी।

ट्रंप ने एक्स पर पोस्ट में कहा,“ईरान के नए शासन के राष्ट्रपति, जो अपने पूर्ववर्तियों की तुलना में कहीं कम कट्टरपंथी और कहीं ज्यादा बुद्धिमान हैं, उन्होंने अभी-अभी अमेरिका से युद्धविराम का अनुरोध किया है। हम इस पर तब विचार करेंगे जब होर्मुज जलडमरूमध्य खुला, स्वतंत्र और सुरक्षित होगा। तब तक, हम ईरान को पूरी तरह से मिटा देंगे या जैसा कि वे कहते हैं, पाषाण युग में वापस धकेल देंगे।”