हास्य

विमान दुर्घटना में अजित पवार का निधन

पुणे के बारामती में हुई क्रैश लैंडिंग, चार अन्य की भी मौत, आज होगा अंितम संस्कार, महाराष्ट्र में तीन िदन का राजकीय शोक

महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का निधन हो गया है। बुधवार सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उनका चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया। वे 66 साल के थे। हादसे में पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर समेत 5 लोगों की जान गई। इस घटना से देश भर में शोक की लहर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी अजित पवार के निधन पर दुख जताया है। पवार 5 फरवरी को पुणे में होने वाले जिला परिषद चुनावों के लिए चार रैलियों को संबोधित करने वाले थे। वे मुंबई से सुबह 8.10 बजे रवाना हुए थे।

सुबह के समय अजित पवार जिस चार्टर्ड विमान से बारामती आ रहे थे, वह करीब 8 बजकर 45 िमनट पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों के अनुसार यह एक क्रैश लैंडिंग थी, जिसमें विमान को गंभीर क्षति पहुंची और अजित पवार का निधन हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और आपदा राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी गई, जबकि पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई। केंद्रीय एविएशन मिनिस्टर राम मोहन नायडू ने बताया कि पायलट ने बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश की थी, लेकिन रनवे साफ दिखाई नहीं दिया तो वह प्लेन को दोबारा ऊंचाई पर ले गया।

पहली कोशिश नाकाम रहने के बाद बारामती के रनवे-11 पर दोबारा लैंडिंग की कोशिश की गई। इस दौरान विमान रनवे से पहले ही गिर गया और उसमें आग लग गई। इस दौरान पायलट ने कोई इमरजेंसी सिग्नल नहीं दिया था। उसने ‘मेडे’ कॉल भी नहीं किया था। महाराष्ट्र CM देवेंद्र फडणवीस बारामती पहुंच गए हैं। उन्होंने आज स्कूलों की छुट्टी और 3 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। पवार का अंतिम संस्कार बारामती में गुरुवार सुबह 11 बजे किया जाएगा। अजित के चाचा शरद पवार, पत्नी सुनेत्रा, दोनों बेटे और बहन सुप्रिया सुले भी बारामती पहुंच गईं हैं।

इधर, एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो, यानी AAIB ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसी की एक टीम दिल्ली में विमान की ऑपरेटर कंपनी VSR वेंचर्स के ऑफिस पहुंची है। दूसरी टीम बारामती रवाना हो गई है। इस बीच VSR वेंचर्स ने कहा है कि पायलट को 16 हजार घंटे का फ्लाइंग एक्सपीरियंस था। विमान की को-पायलट के पास 1500 घंटे का एक्सपीरियंस था। कंपनी ने दावा किया कि एयरक्राफ्ट में कोई तकनीकी खामी नहीं थी। अजित पवार की पार्टी NCP भाजपा-शिवसेना महाराष्ट्र की गठबंधन सरकार में शामिल है। उन्हें मिलाकर पार्टी के कुल 41 विधायक थे।

वे खुद उपमुख्यमंत्री थे। उनके अलावा 7 कैबिनेट और 1 राज्य मंत्री हैं। परिवार से मिलने पहुंचीं एनसीपी-एससीपी सांसद सुप्रिया सुले और अजित पवार की पत्नी व राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार खुद को संभाल नहीं सकीं और फूट-फूट कर रो पड़ीं। बारामती में हर चेहरा शोक और सन्नाटे से भरा दिखा। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। लोकसभा में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और पूर्व सांसद अजित पवार को श्रद्धांजलि दी गई। अधिकारियों के अनुसार, अजित पवार की पहचान उनके निजी सामान के जरिए की गई। आग से जले मलबे के बीच उनके हाथ में पहनी कलाई घड़ी और कपड़ों के कुछ हिस्से सुरक्षित बचे हुए थे, जिनसे उनकी पहचान की पुष्टि हुई। अन्य यात्रियों की पहचान भी उनके कपड़ों और निजी वस्तुओं के आधार पर की गई। शवों की स्थिति गंभीर होने के कारण औपचारिक पहचान के लिए फॉरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक प्रक्रियाओं की मदद ली गई।