कासगंज (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कासगंज में 724 करोड़ रुपए की 60 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने 25.63 हेक्टेयर में फैली नवनिर्मित अत्याधुनिक पुलिस लाइंस का उद्घाटन भी किया। इसे बनाने में योगी सरकार ने 191 करोड़ रुपए खर्च किए हैं।
इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार कासगंज के पौराणिक और आध्यात्मिक विकास के साथ ही बुनियादी सुविधाओं को आधुनिक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। 2008 में बना कासगंज जिला विकास के लिए तरस रहा था। 2017 से पहले की सरकारों के एजेंडे में विकास कभी नहीं रहा, अराजकता और भ्रष्टाचार ही उनकी पहचान थी। आज कासगंज विकास के पथ पर तेजी से दौड़ रहा है। कासगंज में नवनिर्मित पुलिस लाइंस उत्तर प्रदेश पुलिस के आधुनिकीकरण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। 191 करोड़ रुपए की लागत से बनी यह पुलिस लाइंस 1,000 पुलिस कर्मियों के लिए बैरक, अधिकारियों के लिए आवासीय सुविधाएं, ऑडिटोरियम और अन्य आधुनिक सुविधाओं से युक्त है।
उन्होंने कहा कि पहले पुलिसकर्मी टूटी-फूटी बैरकों में रहने को मजबूर थे, लेकिन अब हाई-राइज इमारतों में शानदार आवासीय सुविधाएं दी जा रही हैं। यह पुलिस लाइंस देश के लिए एक मॉडल है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम की तारीफ करते हुए कहा कि यह पुलिस को सशक्त बनाने और आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। आज यूपी पुलिस माफियाओं के लिए काल बन चुकी है। कोई माफिया समानांतर सरकार नहीं चला सकता, न ही गरीब की संपत्ति पर कब्जा कर सकता है। बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश करने वालों को यमराज का इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जैसे देश की सुरक्षा के लिए पीएम मोदी ने सेना का आधुनिकीकरण किया, जिसका परिणाम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में देखने को मिला, जब भारतीय सेना ने पाकिस्तान को घुटने पर ला दिया।