मेरठ (एनएफटी संवाददाता)। ग्यारहवें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन के द्वारा मेरठ कॉलेज मेरठ के प्रांगण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास तथा राजनैतिक पेंशन विभाग उत्तर प्रदेश/प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने किया। कार्यक्रम में लगभग 1150 योगाभ्यासियों को योग प्रोटोकॉल के अनुसार आयुष विभाग के योग प्रशिक्षकों के द्वारा योग कराया गया। कार्यक्रम में आये जनप्रतिनिधियों, नोडल अधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारियों, छात्र-छात्राओं एवं जनमानस ने सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम की मुख्य थीम एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिये योग को सफल बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, नोडल अधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारियों, योग प्रशिक्षक, सहायक, छात्र-छात्राओं तथा जनमानस द्वारा बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
मंत्री ने कहा कि योग से ही तन व मन स्वस्थ होता है, तन और मन को स्वस्थ रखने के लिए योग बहुत आवश्यक है। आज सम्पूर्ण विश्व योग दिवस को पूरे उत्साह के साथ मना रहा है। प्रदेश सहित देश के कोने-कोने में योग दिवस के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। योग को वैश्विक स्वीकृति मिलना हम सभी भारतवासियों के लिए गौरवान्वित करने वाला है। योग हमारी भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता की धरोहर है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। करेंगे योग तो रहेंगे निरोग। इस अवसर पर सांसद अरुण गोविल, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेन्द्र भारद्वाज, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, एमएलसी अश्वनी त्यागी, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तौगी, अमित कुमार घोष, प्रमुख सचिव, सचिवालय प्रशासन, उ.प्र. शासन/नोडल अधिकारी, जिलाधिकारी डा. वी.के. सिंह, एसएसपी विपिन ताडा, सीडीओ नूपुर गोयल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, जनपदीय अधिकारी, योग प्रशिक्षक, सहायक, छात्र-छात्राएं, आमजन उपस्थित रहे।