कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने सोमवार को बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि असम और पश्चिम बंगाल में चुनाव “चोरी” किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि Bharatiya Janata Party (BJP) ने चुनाव आयोग के सहयोग से इन राज्यों में जीत हासिल की। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “असम और बंगाल ये साफ उदाहरण हैं कि कैसे BJP ने EC के सहयोग से चुनाव चुराया है।
हम ममता जी से सहमत हैं। बंगाल में 100 से ज़्यादा सीटें चुराई गईं।” उन्होंने आगे कहा कि यह कोई नई बात नहीं है और इससे पहले भी ऐसा “प्लेबुक” देखा जा चुका है।
उन्होंने मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि इसी तरह के आरोप पहले भी सामने आ चुके हैं। राहुल गांधी ने आगे लिखा, “चुनाव चोरी, संस्था चोरी… अब और चारा ही क्या है।” उनकी यह प्रतिक्रिया Mamata Banerjee के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने पश्चिम बंगाल में BJP की प्रचंड जीत को अनैतिक बताया था। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि राज्य में 100 से अधिक सीटों पर जनादेश लूटा गया है। भवानीपुर विधानसभा सीट के काउंटिंग सेंटर से बाहर निकलते हुए उन्होंने कहा, “हम वापसी करेंगे।
” इसी बीच, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री Akhilesh Yadav ने भी ममता बनर्जी का वीडियो साझा करते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने लिखा, “क्या सत्ताधारी राजनीति को पाताल से भी नीचे ले जाया जाएगा? देश के राजनीतिक इतिहास का यह एक घनघोर काला दिन है। आज पूरा देश आक्रोशित है और लोकतंत्र व्यथित है।
चुनावी व्यवस्था के नाम पर केंद्रीय बलों का जो दुरुपयोग आज बंगाल में मतगणना के दौरान हुआ है, वैसा ही घपला 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में भी कई जगह देखने को मिला था, जिसकी गवाह कन्नौज की विधानसभाएं रही हैं। इसके बाद इसी मॉडल को 2024 के फर्रुखाबाद लोकसभा चुनाव में भी दोहराया गया।”