देश की शान

वेंकैया नायडू समेत 5 को पद्म विभूषण, मिथुन चक्रवर्ती सहित 17 को पद्म भूषण, 110 को पद्मश्री

132 हस्तियों को पद्म सम्मान

राष्ट्रपति भवन में सोमवार शाम 132 लोगों को पद्म सम्मान दिया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस बार 5 लोगों को पद्म विभूषण, 17 को पद्म भूषण, 110 को पद्मश्री से सम्मानित कर रही हैं। सेरेमनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह मौजूद हैं। 25 जनवरी को इसकी घोषणा की गई थी। सबसे पहले पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायड, बिंदेश्वर पाठक और साउथ एक्टर चिरंजीवी समेत 5 लोगों को पद्म विभूषण से सम्मानित किया।

इसके बाद अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती, सिंगर उषा उथुप और सीताराम जिंदल समेत 17 लोगों को पद्म भूषण दिया। इसके अलावा मनोहर कृष्ण डोले और रामचेत चौधरी समेत 110 लोगों को पद्मश्री दिया गया। 2024 के लिए पद्मश्री पुरस्कार ऐसे लोगों को दिया जा रहा है, जो अब तक गुमनाम थे। इनमें असम की रहने वाली देश की पहली महिला महावत पार्वती बरुआ और जागेश्वर यादव का नाम शामिल है। इसके अलावा लिस्ट में चार्मी मुर्मू, सोमन्ना, सर्वेश्वर, सांगथाम समेत कई बड़े नाम भी हैं। पद्म पुरस्कार विजेताओं में 30 महिलाएं हैं। इनमें 8 विदेशी/NRI/PIO/OCI कैटेगरी के लोग भी हैं। 9 हस्तियां ऐसी हैं, जिन्हें मरणोपरांत पुरस्कार दिए जा रहे हैं।