खेल

रोमांचक मुकाबले में जीती चेन्नई सुपर किंग्स, लखनऊ को पछाड़ा

आखिरी ओवर तक चला हाई-वोल्टेज मुकाबला

 

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मैच नंबर-53 में रविवार को Chennai Super Kings का सामना Lucknow Super Giants से हुआ। चेन्नई के M. A. Chidambaram Stadium में खेले गए इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने 5 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।

लखनऊ सुपर जायंट्स ने चेन्नई को जीत के लिए 204 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे सीएसके ने 4 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। इस हार के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।

मौजूदा आईपीएल सीजन में दोनों टीमों के प्रदर्शन में निरंतरता देखने को नहीं मिली। चेन्नई सुपर किंग्स ने 11 में से 5 मुकाबले गंवाए हैं और उसके 12 अंक हैं। वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स ने 11 में से सिर्फ 3 मुकाबले जीते हैं और उसके खाते में 6 अंक हैं। 

रनचेज में संजू सैमसन और Ruturaj Gaikwad ने चेन्नई को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 22 गेंदों पर 45 रनों की साझेदारी हुई। संजू सैमसन ने 14 गेंदों पर 28 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उन्हें दिग्वेश सिंह राठी ने बोल्ड किया।

संजू के आउट होने के बाद उर्विल पटेल क्रीज पर उतरे और आते ही छक्कों की बारिश शुरू कर दी। उर्विल पटेल ने 7 छक्कों और 1 चौके की मदद से सिर्फ 13 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। यह आईपीएल इतिहास की संयुक्त रूप से सबसे तेज फिफ्टी रही। उन्होंने Yashasvi Jaiswal के रिकॉर्ड की बराबरी की, जिन्होंने 2023 में Kolkata Knight Riders के खिलाफ 13 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था।

उर्विल पटेल ने कुल 23 गेंदों पर 63 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के और 2 चौके शामिल रहे। उन्हें शाहबाज अहमद ने आउट किया। शाहबाज ने इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को भी बोल्ड किया, जिन्होंने 28 गेंदों पर 42 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। 

ऋतुराज गायकवाड़ के आउट होने के बाद चेन्नई ने कुछ हद तक मोमेंटम गंवा दिया। दिग्वेश सिंह राठी ने शानदार गेंद पर डेवाल्ड ब्रेविस (10 रन) को बोल्ड किया, जबकि कार्तिक शर्मा (20 रन) आवेश खान का शिकार बने।

इसके बाद Shivam Dube और प्रशांत वीर ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई को जीत दिलाई। शिवम दुबे 15 रन और प्रशांत वीर 18 रन बनाकर नाबाद लौटे। 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने 8 विकेट पर 203 रन बनाए। टीम की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। जोश इंग्लिस और मिचेल मार्श ने पहले विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी में ज्यादातर रन इंग्लिस ने बनाए।

जोश इंग्लिस ने सिर्फ 17 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। अंशुल कम्बोज ने मिचेल मार्श (10 रन) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद नूर अहमद ने निकोलस पूरन को चलता किया, जो सिर्फ 1 रन बना सके।

जोश इंग्लिस ने 33 गेंदों पर 85 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उनका विकेट 10वें ओवर में जेमी ओवर्टन ने लिया। उसी ओवर में ओवर्टन ने कप्तान Rishabh Pant (15 रन) को भी बोल्ड कर दिया।

इसके बाद एडेन मार्करम 6 रन बनाकर रन आउट हुए, जबकि अक्षत रघुवंशी (18 रन) को भी जेमी ओवर्टन ने पवेलियन भेजा। 

मध्यक्रम लड़खड़ाने के बाद शाहबाज अहमद और हिम्मत सिंह ने सातवें विकेट के लिए 50 रनों की अहम साझेदारी की, जिससे लखनऊ की टीम 200 रन के पार पहुंच सकी।

शाहबाज अहमद ने 25 गेंदों पर नाबाद 43 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। हिम्मत सिंह ने 17 रन बनाए, जबकि मोहम्मद शमी खाता नहीं खोल सके।

चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से जेमी ओवर्टन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए, जबकि अंशुल कम्बोज को 2 सफलताएं मिलीं।

आईपीएल इतिहास में चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच अब तक 7 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें दोनों टीमों ने 3-3 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा। पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच खेले गए मैच में भी चेन्नई सुपर किंग्स ने 5 विकेट से जीत दर्ज की थी।