वारदात

गृहक्लेश के चलते गंग नहर में कूदी चार बच्चों की मां, राहगीरों ने बचाई जान

सोमवार सुबह सरधना थानाक्षेत्र में गंग नहर पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने अचानक नहर में छलांग लगा दी।

सोमवार सुबह सरधना थानाक्षेत्र में गंग नहर पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने अचानक नहर में छलांग लगा दी। गनीमत रही कि सड़क चलते लोगों ने हिम्मत दिखाकर महिला की जान बचा ली। पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि गृहक्लेश के चलते उसने आत्महत्या का प्रयास किया था। घटना सोमवार की सुबह की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गंग नहर पटरी पर एक महिला काफी देर से टहल रही थी। इससे पहले कोई कुछ समझ पाता, महिला ने अचानक नहर में छलांग लगा दी। यह नजारा देखते ही सड़क से गुजरते लोगों के होश उड़ गए। इसी बीच महिला को बचाने के लिए ग्रामीण नहर में कूद गए और हिम्मत दिखाते हुए कुछ देर की मशक्कत के बाद महिला को नहर से बाहर निकाल लिया गया। पूछताछ के दौरान बदहवास महिला ने अपना नाम गीता पत्नी रवि निवासी टेहरकी बताया। महिला का कहना था कि उसका अपने पति से झगड़ा हो गया है। इसलिए वह जीना नहीं चाहती। उधर, मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के ससुराल वालों को घटनास्थल पर बुलाया। जहां परिवार के लोगों ने बताया कि महिला चार बच्चों की मां है। इसके बाद पुलिस ने ससुराल वालों को चेतावनी देते हुए महिला को उनकी सुपुर्दगी में दे दिया।