वारदात

अयोध्या में मंत्री दयाशंकर के यज्ञ स्थल में लगी आग, पंडाल जलकर राख

राममंदिर से 800 मीटर दूर हादसा, एक एकड़ में फैला था पंडाल, हादसे के समय था खाली

अयोध्या में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के यज्ञ स्थल में शनिवार दोपहर 12 बजे अचानक भीषण आग लग गई। एक एकड़ में फैला यज्ञ स्थल कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हो गया। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त यज्ञशाला खाली थी। करीब डेढ़ घंटे पहले ही मंत्री का 9 दिवसीय लक्ष्मीनारायण महायज्ञ पूर्ण हुआ था। उस वक्त करीब 50 हजार से अधिक लोग मौजूद थे। यज्ञ स्थल, राम मंदिर से 800 मीटर दूर है। बताया जा रहा है कि यज्ञ के पूर्ण होने के बाद एक नारियल फूटने से चिंगारी निकली, जिससे कपड़े से बने पंडाल में आग लग गई। परिवहन मंत्री ने कहा िक फायर ब्रिगेड मौके पर मौजूद था। उसने तुरंत आग पर काबू पा लिया। कोई जनहानि नहीं हुई है। सब नियंत्रित है। यज्ञशाला में आग की घटना के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बड़ा आरोप लगाया है। ट्वीट कर लिखा कि यज्ञ के नाम पर बड़े पैमाने पर वसूली हुई लेकिन पैसे बचाने के चक्कर में विशेषज्ञों की देखरेख के बिना ही ये आयोजन हुआ। यज्ञ में शामिल एक व्यक्ति ने बताया- मंत्री के 9 दिवसीय महायज्ञ के लिए यज्ञशाला में 1,251 हवन कुंड बने थे। शनिवार को आखिरी दिन यज्ञशाला में मंत्रोच्चारण के बीच 5 हजार से अधिक यजमानों ने आहुति दी। इसके बाद लोग घर चले गए, तभी हादसा हो गया। संयोग अच्छा था कि यज्ञ समाप्त हो चुका था और पूरा पंडाल खाली था। नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता। मुख्य अग्निशमन अधिकारी MP सिंह ने कहा िक आग लगने की सूचना पर तुरंत फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गईं थीं। करीब 10 गाड़ियों ने 2 घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया। किसी जनहानि की सूचना नहीं है।