कर्तव्यपथ

ओमप्रकाश राजभर, दारा सिह चौहान, अनिल कुमार और सुनील शर्मा बने मंत्री

मुख्यमंत्रीयोगी आदित्यनाथ की सरकार के दूसरे का कार्यकाल का पहला मंत्रिमंडल विस्तार,राज्यपाल ने दिलाई शपथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार के दूसरे का कार्यकाल का पहला मंत्रिमंडल विस्तार हो गया है। मंगलवार शाम को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने चार नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई। मंत्री पद की शपथ लेने वालों में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर, भाजपा विधान परिषद सदस्य दारा सिंह चौहान, राष्ट्रीय लोकदल के पुरकाजी से विधायक अनिल कुमार और भाजपा के साहिबाबाद से विधायक सुनील शर्मा ने मंत्री पद की शपथ ली।

इस मौके पर भी सभी नये मंत्रियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार में आज मंत्री पद की शपथ लेने वाले सभी साथियों को हार्दिक बधाई! पूर्णविश्वास है कि आप सभी ‘मोदी की गारंटी’ को धरातल पर उतारते हुए ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प की सिद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। नए बने चार मंत्रियों में से 3 दूसरे दलों से भाजपा में आए हैं। राजभर 9 महीने पहले सपा छोड़कर एनडीए गठबंधन में शामिल हुए थे।

दारा सिंह चौहान भी सपा से भाजपा में आए हैं। एनडीए से गठबंधन के बाद रालोद विधायक अनिल कुमार को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। इसके अलावा, 2022 विधानसभा चुनाव में यूपी में सबसे ज्यादा वोट से जीतने वाले भाजपा विधायक सुनील शर्मा को भी जगह मिली है। योगी कैबिनेट में कुल 52 मंत्री थे। अब यह संख्या बढ़कर 56 हो गई। सरकार में 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। ऐसे में अभी भी 4 मंत्रियों की जगह खाली है। नए मंत्रियों के बाद योगी सरकार में अब 22 कैबिनेट मंत्री, 14 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 20 राज्यमंत्री हैं।

योगी सरकार में अब सामान्य वर्ग के 24, OBC वर्ग के 22 और SC-ST वर्ग के मंत्रियों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। 25 मार्च 2022 को योगी सरकार 2.0 का शपथ ग्रहण हुआ था। ओम प्रकाश राजभर के बेटे अरुण राजभर ने कहा कि मैं और मेरा परिवार प्रधान मंत्री जी को धन्यवाददेता है। हमारे पिताजी ने जो संघर्षकिया आपके सामने वो आज दिखाई देगा। हम छोटे और गरीब परिवार से निकल कर के आज यहां तक पहुंचे हैं। हम देश की जनता और वचित  राजभर की लड़ाई सड़क से सदन तक करते रहे हैं।

मंत्री पद की शपथ लेने के बाद ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश तरक्की कर रहा है। आज उनके नेतृत्व में प्रदेश आगे बढ़ रहा है। हम 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए काम करेंगे और प्रदेश की सभी सीटों पर जीतदर्ज करेंगे। ओम प्रकाश राजभर योगी सरकार के पहले कार्यकाल में भी मंत्री थे पर यूपी विधानसभा के चुनाव से पहले सपा गठबंधन में शामिल हो गए थे