देश की शान

किसान की बेटी की शिखा वर्मा ने इंटर में किया टॉप, हाईस्कूल में कशिश वर्मा और अंशिका वर्मा संयुक्त टॉपर

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जारी किए बोर्ड परीक्षा परिणाम, 10वीं में 90.42% तो इंटर में 80.38% छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम जारी कर दिए हैं। इस साल लगभग 52 लाख छात्रों ने परीक्षा दी है। परिणाम आते ही छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर दौड़ गई।

सीतापुर के किसान की बेटी शिखा वर्मा ने 97.38 फीसदी अंकों के साथ 12वीं में यूपी टॉप किया। वहीं, दूसरे नंबर पर नंदनी गुप्ता और श्रिया वर्मा हैं। दोनों के 97.20 फीसदी नंबर हैं। तीसरे स्थान पर भी दो छात्राएं हैं—सुरभि यादव और पूजा पाल, जिन्हें 97 फीसदी नंबर मिले हैं।

दसवीं में कशिश वर्मा (सीतापुर) और अंशिका वर्मा (बाराबंकी) ने 97.83% अंकों के साथ प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। 10वीं में 90.40% तो इंटर में 80.38 फीसदी बच्चे पास हुए हैं। परिणाम में 75.04% छात्र जबकि 86.32% छात्राएं पास हुई हैं, जिससे एक बार फिर छात्राओं ने छात्रों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है।

शिखा महमूदाबाद स्थित बाबू राम सावित्री देवी स्कूल की छात्रा हैं। उन्होंने कहा कि वह परिणाम से बेहद खुश हैं। उनका सपना इनकम टैक्स अधिकारी बनना है। उनके पिता जितेंद्र कुमार किसान हैं और मां कांति देवी गृहिणी हैं। वह भविष्य में और कठिन मेहनत करके अपने माता-पिता के सपनों को साकार करना चाहती हैं। शिखा की इस सफलता ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे सीतापुर जिले को गर्व से भर दिया है। सीमित संसाधनों और साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद उन्होंने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादे और लगातार मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

यूपी बोर्ड 12वीं में टॉप-10 में 23 छात्रों ने जगह बनाई है। इनमें बरेली से सबसे ज्यादा 5 टॉपर्स हैं। फिर सीतापुर और बाराबंकी से 4-4, चित्रकूट और हरदोई से 2-2, जबकि बागपत, मुरादाबाद, कानपुर नगर, कन्नौज, बांदा और प्रतापगढ़ से एक-एक टॉपर टॉप-10 में शामिल हैं। इन छात्रों ने 500 में 488 से 477 अंक हासिल किए हैं।

जेल में बंद 135 कैदियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 114 पास हुए हैं। छात्र ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि जिन छात्रों ने राज्य भर में टॉप पोजीशन हासिल की है, उन्हें राज्य सरकार की ओर से सम्मानित किया जाएगा।