पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में गुरुवार को बंपर वोटिंग हुई। बंगाल की 294 सीटों में से 152 सीटों पर पहले फेज में 91.35% मतदान हुआ। वहीं, तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर रिकॉर्ड 84.29% वोटिंग हुई। दोनों राज्यों के इतिहास में पहली बार सबसे ज्यादा वोटिंग हुई है। चुनाव आयोग के आंकड़े शाम 5 बजे तक के हैं। इनमें बदलाव हो सकता है। ममता ने वोटिंग के बाद कहा—बंगाल की जनता ने SIR के खिलाफ बंपर वोटिंग की है। गृह मंत्री शाह ने कहा कि TMC का सूरज ढल चुका है।
इससे पहले असम, केरल और पुडुचेरी में भी 9 अप्रैल को रिकॉर्ड वोटिंग हुई थी। असम के इतिहास में सबसे ज्यादा 85.91%, पुडुचेरी में 90% और केरल में 1987 के बाद सबसे ज्यादा 78.27% वोटिंग हुई थी। पांचों राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को एकसाथ आएंगे।
बंगाल के दक्षिण मिदनापुर में कुमारगंज सीट से भाजपा कैंडिडेट सुवेंदु सरकार को भीड़ ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। उनका सिक्योरिटी गार्ड उनके साथ था, इसके बावजूद भीड़ ने उन्हें खदेड़ दिया। पश्चिम बर्धमान जिले के बर्नपुर में आसनसोल साउथ सीट से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल की कार पर हमला हुआ। इससे गाड़ी के पीछे का शीशा टूट गया। अग्निमित्रा ने बताया कि उनकी कार पर पत्थर फेंके गए।
बीरभूम के बोधपुर गांव में EVM खराब होने के बाद लोगों ने पुलिस और सेंट्रल फोर्स पर पथराव कर दिया। पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ भी की। घटना में कई सुरक्षा कर्मी घायल हो गए। मुर्शिदाबाद के नौदा में बुधवार देर रात देसी बम से हमले में कई लोग घायल हो गए। आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) चीफ हुमायूं कबीर सुबह घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान उनके समर्थकों और TMC कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट और पथराव हुआ। पुलिस ने लाठीचार्ज किया। हुमायूं की कार पर पत्थरों और लाठियों से हमला किया गया।
सिलीगुड़ी के जगदीश चंद्र विद्या पीठ में भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। बूथ के बाहर दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच बहस हो गई। विवाद बढ़ता देख सुरक्षा बलों ने दोनों पक्षों को शांत कराया। यहां से शंकर घोष भाजपा प्रत्याशी हैं।असम में 126 सीटों पर 41 पार्टियों के 722 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। 35 जिलों में से 26 से ज्यादा जिलों में 80% से ऊपर वोटिंग हुई। सबसे ज्यादा 95.56% मतदान साउथ सलमारा-मनकचर जिले में हुआ। सबसे कम 75.25% वोटिंग वेस्ट कार्बी आंगलॉन्ग में हुई।
सीएम हिमंता बोले—असमिया समाज के वोटर की वजह से बढ़ा मतदान
असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, बांग्लादेशी मूल के मुस्लिम समाज का 95 से 96% वोट प्रतिशत हुआ करता था। बाकी असमिया समाज में 75-76% तक वोट प्रतिशत होता था। इस बार दोनों समाज के बीच प्रतियोगिता रही। पारंपरिक तौर पर जो समाज सक्रिय मतदान करता है, उन्होंने ज्यादा मतदान किया। जिस समाज में पारंपरिक तौर पर कम मतदान होता है, उसने भी बढ़-चढ़कर मतदान किया है।
बीरभूम में मतदान के दौरान हिंसा, सीआरपीएफ जवानों पर पथराव
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान के बीच हिंसा की बड़ी खबर सामने आई है। बीरभूम जिले के दुबराजपुर विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षा बलों को निशाना बनाया गया है। यहां तैनात सीआरपीएफ (CRPF) के जवानों पर स्थानीय लोगों ने अचानक पथराव कर दिया, जिससे इलाके में तनाव फैल गया है।
यह हिंसक घटना दुबराजपुर के खैरासोल घुमर गांव में हुई है। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए यहां सीआरपीएफ जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान अचानक कुछ लोगों ने जवानों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लिया गया है।
पश्चिम बंगाल के मालदा में मतदान के दौरान हिंसा की घटना सामने आई है। यहां की चांचल विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रतन दास के पोलिंग एजेंट लक्ष्मण पांडेय पर TMC कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर हमला कर दिया है।