देश विदेश

इलैक्ट्रिक स्कूटी से कार्यालय पहुंचे भाजपा नेता विनीत अग्रवाल शारदा

लिया संकल्प, भविष्य में नहीं करेंगे सोने की खरीदारी

भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से पेट्रोल एवं डीजल आधारित वाहनों का कम उपयोग करने तथा ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने की अपील से प्रेरित होकर अनुकरणीय पहल की।

विनीत अग्रवाल शारदा अपने सुशांत सिटी सेक्टर-5, वेदव्यासपुरी निवास से इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी पर सवार होकर शास्त्रीनगर स्थित अपने कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रास्ते में व्यापारियों, युवाओं एवं आम नागरिकों से संवाद किया तथा सभी से पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और स्वदेशी ऊर्जा संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देने का आवाहन किया।

विनीत शारदा ने कहा कि आज पूरा विश्व ऊर्जा संकट और पर्यावरण प्रदूषण जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में भारत को आत्मनिर्भर और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हरित ऊर्जा और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा हम सभी को इस अभियान का सहभागी बनना चाहिए। विनीत अग्रवाल शारदा ने सार्वजनिक रूप से संकल्प लेते हुए कहा कि वह भविष्य में सोने की खरीदारी नहीं करेंगे, पेट्रोल आधारित गाड़ियों का उपयोग न्यूनतम करेंगे।

बाहर आने-जाने के लिए इलेक्ट्रिक कार एवं इलेक्ट्रॉनिक वाहनों को प्राथमिकता देंगे तथा अनावश्यक विदेश यात्राओं से भी बचेंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल व्यक्तिगत निर्णय नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता है।