संगीत

भारतीय भाषाएं राष्ट्र की सांस्कृतिक आत्माहैं : प्रो. देवेंद्र स्वरूप

सुभारती में भारतीय भाषा उत्सव–2025 और गीता जयंती पर व्याख्यान

स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के भाषा विभाग, कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय द्वारा भारतीय भाषा उत्सव 2025 का भव्य और सफल आयोजन किया गया। यह उत्सव राष्ट्रवादी कवि, लेखक एवं पत्रकार महाकवि सुब्रह्मण्यम् भारती की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया गया, जिसका उद्देश्य भारतीय भाषाओं की बहुलता, सांस्कृतिक विविधता और रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम का शुभारंभ परंपरागत तिलक से अतिथियों के स्वागत, अतिथियों द्वारा अपनी मातृभाषा में हस्ताक्षर, मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन तथा भारत मानचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित करने जैसी सांस्कृतिक प्रथाओं के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को गरिमामयी एवं एकात्म भाव से पूर्ण कर दिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों में प्रति कुलपति प्रो. देवेंद्र स्वरूप, संकायाध्यक्ष कला एवं सामाजिक विज्ञान प्रो. सुधीर त्यागी, प्रो. मोनिका मेहरोत्रा तथा प्रो. एस. सी. तिवारी शामिल रहे।

विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा शर्मा ने पादप भेंट कर सभी अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग देने हेतु विश्वविद्यालय प्रशासन, निर्णायकों, संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों, गैर-शिक्षण स्टाफ तथा तकनीकी दल का आभार व्यक्त किया। अपने उद्बोधन में प्रति कुलपति प्रो. देवेंद्र स्वरूप ने कहा कि भारतीय भाषाएं राष्ट्र की सांस्कृतिक आत्मा हैं और उनकी संरक्षण-संवर्धन की जिम्मेदारी हम सबकी है। उन्होंने विद्यार्थियों को बहुभाषिकता अपनाने के लिए प्रेरित किया और भाषा विभाग के कार्यों की प्रशंसा करते हुए ऐसे आयोजनों को सांस्कृतिक एकता के लिए आवश्यक बताया। प्रो. सुधीर त्यागी ने भारतीय भाषाओं की समृद्ध साहित्यिक परंपरा को देश की शक्ति बताते हुए विद्यार्थियों से मातृभाषा के साथ अन्य भारतीय भाषाओं को भी सीखने का आग्रह किया। उत्सव में गायन, नृत्य और समूह रैंप वॉक जैसी विविध प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनका मूल्यांकन विशेषज्ञनिर्णायकों डॉ. अमृता जोशी, डॉ. निशा सिंह और डॉ. सरिता राणा ने किया।

गायन प्रतियोगिता में दीपांकर (प्रथम), श्रुति शर्मा (द्वितीय) और ऋया पाल (तृतीय) को पुरस्कृत किया गया। नृत्य प्रतियोगिता में विधि गोस्वामी (प्रथम), पियासा (द्वितीय) और अंशिका ठाकुर (तृतीय) विजेता रहीं। समूह रैंप वॉक में भारतीय पारंपरिक परिधान श्रेणी में भाषा विभाग ने प्रथम, विज्ञान संकाय ने द्वितीय तथा एलाइड एंड हेल्थ केयर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस पूरे आयोजन में भाषा विभाग के संकाय सदस्यों डॉ. मिनाक्षी मिश्रा, सुश्री अंकिता शर्मा, मोहम्मद जुबैर, डॉ. प्रीतिसिंह, सुश्री शैली शर्मा, डॉ. रफ़त खानम, डॉ. यशपाल, डॉ. मनीषा लूथरा, डॉ. स्वाति शर्मा, डॉ. आशीष कुमार, डॉ. रणवीर सिंह, डॉ. निशि राघव, डॉ. प्रीति शर्मा, सान्या अग्रवाल, अंकित कुमार, अभिजीत शर्मा, पुष्पेंद्र राजपूत एवं प्रिया शर्मा का उल्लेखनीय योगदान रहा।