मथुरा के वृंदावन
स्थित श्रृंगार घाट के पास शुक्रवार को
एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब
श्रद्धालुओं से भरा एक स्टीमर यमुना नदी
में पलट गया। इस हादसे में अब तक 10
लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई
लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, स्टीमर में करीब
32-33 श्रद्धालु सवार थे, जो पंजाब के
लुधियाना से बांके बिहारी मंदिर के दर्शन
के लिए आए थे। दर्शन के बाद सभी
श्रद्धालु स्टीमर के जरिए यमुना में सैर
कर रहे थे, तभी अचानक पांटून पुल से
टकराने के बाद स्टीमर पलट गया। हादसे
के बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू
किया गया।
अब तक 25 लोगों को नदी
से बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें से
15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया,
जबकि 10 की मौत हो गई। बचाए गए
कुछ घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया
गया है, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं,
करीब 8 लोग अभीभी लापता हैं, जिनकी
तलाश जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस,
प्रशासन और गोताखोरों की टीम मौके पर
पहुंच गई। साथ ही बचाव कार्य में तेजी
लाने के लिए NDRF और SDRF की टीमों
को भी लगाया गया है। स्थानीय लोगों ने भी
रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग किया।
इस घटना को लेकर उत्तर प्रदेश के
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान
लिया है।
उन्होंने अधिकारियों को तुरंत
मौके पर पहुंचने और राहत कार्य तेज
करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों
के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त
की है। जिलाधिकारी चंद्र प्रताप सिंह ने
बताया कि हादसे की जांच की जा रही
है और लापता लोगों की तलाश के लिए
अभियान लगातार जारी है