सैर सपाटा

केरल में मानसून की दस्तक के आसार, रविवार तक तेज बारिश की संभावना

केरल में मानसून के जल्द पहुंचने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने रविवार तक कई इलाकों में तेज बारिश और हवाओं की संभावना जताते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

 केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले कुछ दिनों में पहुंचने की संभावना के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार तक राज्यभर में बारिश की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद जताई है। विभाग ने गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान जताया है।

आईएमडी के अनुसार, केरल के अलग-अलग इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अचानक बादल बनने और तेज बारिश के कारण संवेदनशील इलाकों में नुकसान हो सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, सैटलाइट े तस्वीरों में अरब सागर के ऊपर पश्चिमी हवाएं मजबूत होती दिखाई दे रही हैं, जो मानसून के करीब आने का अहम संकेत माना जाता है। केरल में मानसून को स्थानीय भाषा में ‘एडवप्पाथी’ कहा जाता है। अगले कुछ दिनों तक आसमान में घने बादल छाए रहने और राज्य के सभी जिलों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। हालांकि आईएमडी के आधिकारिक पांच दिवसीय पूर्वानुमान में किसी जिले के लिए अलग से अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

अधिकारियों ने कहा किबिना औपचारिक अलर्ट के भी अचानक गरज-चमक और तेज हवाएं खतरनाक स्थिति पैदा कर सकती हैं। लोगों को दोपहर के समय होने वाली आंधी- तूफान के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है, क्योंकि आने वाले दिनों में इसकी तीव्रता बढ़ सकती है। प्रशासन ने कहा कि बिजली चमकने के शुरुआती संकेत मिलते ही लोग सुरक्षित इमारतों में चले जाएं।