Pakistan के Quetta में रविवार सुबह Jaffar Express पर हुए फिदायीन हमले में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि 53 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में फ्रंटियर कॉर्प्स के तीन जवान भी शामिल हैं। चमन फाटक के पास हुए इस धमाके की जिम्मेदारी प्रतिबंधित संगठन Baloch Liberation Army (BLA) ने ली है।
जानकारी के मुताबिक, जाफर एक्सप्रेस क्वेटा कैंट से सैन्य कर्मियों को लेकर जा रही थी, तभी रेलवे ट्रैक के पास जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आसपास के कई घरों और वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग और पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे, जिसके बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इधर, BLA के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने बयान जारी कर कहा कि संगठन की आत्मघाती हमला इकाई ‘मजीद ब्रिगेड’ ने इस हमले को अंजाम दिया है। उन्होंने दावा किया कि ट्रेन में पाकिस्तानी सेना के जवान सवार थे और उन्हें निशाना बनाकर यह हमला किया गया। संगठन ने कहा कि हमले से जुड़े विस्तृत विवरण जल्द जारी किए जाएंगे।
घटना के बाद प्रधानमंत्री Shehbaz Sharif ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि आतंकवाद की ऐसी घटनाएं पाकिस्तान के लोगों का हौसला नहीं तोड़ सकतीं। वहीं, सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और एहतियातन पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को क्वेटा स्टेशन पर रोक दिया गया है।