मेरठ: पी.एल. शर्मा व्यापार संघ ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उच्च न्यायालय बेंच की स्थापना की मांग को लेकर 17 दिसंबर को आयोजित ‘मेरठ बंद’ का पूर्ण समर्थन किया है। इस बंद का उद्देश्य लंबे समय से लंबित न्यायिक मांग को बल देना और क्षेत्र के लोगों को न्यायिक सुविधा उपलब्ध कराना है।
बार एसोसिएशन के चेयरमैन संजय शर्मा एवं संयोजक राजेन्द्र सिंह राणा अपने पदाधिकारियों के साथ पी.एल. शर्मा रोड व्यापार संघ अध्यक्ष के प्रतिष्ठान पहुंचे। वहां उन्होंने 17 दिसंबर को होने वाले मेरठ बंद को सफल बनाने हेतु समर्थन का अनुरोध पत्र सौंपा।
इस अनुरोध का उपस्थित सभी व्यापारियों ने एक सुर में स्वागत किया और सर्वसम्मति से बंद के समर्थन का निर्णय लिया। व्यापारियों ने कहा कि उच्च न्यायालय बेंच की स्थापना पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है और इस मांग को लेकर वे हर संभव सहयोग देंगे।
इस अवसर पर व्यापार संघ के प्रमुख सदस्य सुभाष अग्रवाल (अध्यक्ष), रमनीत सिंह, सरबजीत कपूर (राष्ट्रपति पदक से अलंकृत), पंकज आहूजा, नवीन गुप्ता, संजय गैलेक्सी, प्रशांत, श्याम धींगरा, संजीव मित्तल, राहुल जैन, जसप्रीत कपूर सहित कई अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
सभी ने एकस्वर में कहा कि वे 17 दिसंबर को मेरठ बंद को पूर्ण रूप से सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।