प्रदेश भर में अज्ञात लोगों द्वारा समाजवादी
पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को ‘कटियाबाज’ बताते हुए लगाए
गए पोस्टरों के बीच अब योगी सरकार के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा
ने भी सपा पर निशाना साधा। सपा राज में बिजली व्यवस्था को
लेकर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सपा सरकार ने प्रदेश के बिजली
तंत्र को पूरी तरह बर्बाद करने का काम किया था।
उन्होंने आरोप
लगाया कि सपा शासन में नेताओं, गुंडों और माफिया को
‘कटिया मारकर बिजली चलाने’ का खुला लाइसेंस दे दिया गया
था। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि अखिलेश यादव ने अपने
कार्यकाल में प्रदेश के पूरे बिजली ईको सिस्टम में ‘बबूल’ बोने
का काम किया। ऊर्जा मंत्री ने सबसे बड़ा हमला बिजली चोरी
को लेकर बोला। उन्होंने कहा कि सपा शासन में नेताओं और
उनके करीबी लोगों को कटियाबाजी कर मुफ्त बिजली बांटने
की खुली छूट थी। ‘हर जगह इनके गुंडे और माफिया बिजली
के वितरक बन गए थे।
खुद कटियाबाजी करते थे और दूसरों
को भी कटियाबाजी करवाते थे।’
उन्होंने दावा किया कि संभल और मथुरा समेत कई जिलों में
सुनियोजित ढंग से बिजली चोरी कराई जाती थी, लेकिन योगी
सरकार ने ऐसे कटियाबाजों पर कड़ी कार्रवाई कर लगाम लगाने
का काम किया। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सपा सरकार के समय
लगाए गए ट्रांसफॉर्मर, तार और खंभे बेहद खराब गुणवत्ता के
थे, जो आए दिन फूंक जाते थे।