देश की सर्वोच्च न्यायिक संस्था सुप्रीम कोर्ट
ने कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव करते हुए आधुनिक और पर्यावरणअनुकूल व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। अदालत ने
सोमवार और शुक्रवार को मामलों की सुनवाई केवल वीडियो
कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करने का फैसला किया है।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, अब सभी
मिसलेनियस डेज यानी सोमवार, शुक्रवार और अन्य निर्धारित
दिनों में मामलों की सुनवाई केवल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से
होगी।
इस फैसले के तहत कोर्ट ने रजिस्ट्री को यह सुनिश्चित करने
के लिए कहा है कि वीडियो लिंक समय पर भेजे जाएं और तकनीकी
सहायता सुचारू रूप से उपलब्ध रहे, ताकि किसी भी पक्ष को
परेशानी न हो। कोविड-19 महामारी के बाद से शुरू हुई डिजिटल
सुनवाई को अब एक स्थायी और व्यवस्थित ढांचे में शामिल किया
जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट के सभी न्यायाधीशों ने सर्वसम्मति से यह
निर्णय लिया है कि आपस में कार-पूलिंग व्यवस्था को बढ़ावा दिया
जाएगा, ताकि ईंधन की खपत को कम किया जा सके और संसाधनों
का बेहतर उपयोग हो।यह कदम मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों और
ऊर्जा संरक्षण की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
इसका उद्देश्य पर्यावरण पर पड़ने वाले दबाव को कम करना भी है।